Agriculture News, jobs

Krishi News

अमेरिका ने अपने बाजार में भारतीय ‘टेबल ग्रेप्स’ की पहुंच से संबंधित कानून को तेजी से अंतिम रूप देने का आश्वासन दिया।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री राधामोहन सिंह ने कृषि भवन, नई दिल्ली में 17 अक्टूबर, 2018 को भारत में संयुक्त राज्य अमेरिका के राजदूत श्री केनेथ आई.जस्टर से भेंट की। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार के लिए द्विपक्षीय सम्बन्धों को अधिक मजबूत बनाने सम्बन्धी मुद्दों पर वार्ता हुई।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने बताया कि इस भेंट का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ परस्पर लाभकारी व्यापार और आर्थिक भागीदारी के क्षेत्र में नए अवसरों का सृजन करना है, जिससे कि भारतीय अर्थव्यवस्था को अधिक मजबूत बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि अमेरिका ने भारत द्वारा अंगूर के उत्पादन के लिए अपनाई जाने वाली कार्य पद्धति के प्रति अपना संतोष व्यक्त किया तथा इस संबंध में अमेरिका के बाजारों में भारतीय जिन्सों की पहुंच से संबंधित कानून को तेजी से अंतिम रूप देने का आश्वासन दिया, जिससे कि भारत नवंबर, 2018 के सीजन से अमेरिका को ‘टेबल ग्रेप्स’ का निर्यात कर सके।

श्री सिंह ने बताया कि वार्ता के दौरान अमेरिका द्वारा भारत से अनार के आयात पर लगाये गये प्रतिबंध पर चर्चा हुई और अमेरिका के राजदूत श्री केनेथ आई.जस्टर से भारत पर लगाई गई यह पाबंदी तत्काल हटाने की गुजारिश की। इसके साथ ही उन्हें यह आश्वासन दिया गया कि भारत ने इन निर्यात से संबंधित उत्पादन के तौर-तरीकों में आवश्यक सुधार कर लिया है।

कृषि मंत्री ने आखिर में आशा व्यक्त करते हुए कहा कि इस वार्ता से दोनों देशों के पारस्परिक सम्बन्ध और प्रगाढ़ होंगे तथा दोनों पक्षों के बीच व्यापार बढ़ेगा जिससे निकट भविष्य में बेहतर परिणाम निकलेंगे।

Source: http://pib.nic.in



Copyright © 2017 · All Rights Reserved · IndiaAgroNet.Com