Agriculture News, jobs

Krishi News

देश में कुल अंडा उत्पादन बढ़कर 88.1 अरब के आंकड़े को छू गया

देश में कुल अंडा उत्पादन वर्ष 2016-17 के दौरान बढ़कर 88.1 अरब के आंकड़े को छू गया, जो वर्ष 2013-14 के मुकाबले 12.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाता है। यही नहीं, वर्ष 2016-17 के दौरान कुल अंडा उत्पादन में वर्ष 2015-16 की तुलना में 6.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया गया है। देश में कुल अंडा उत्पादन ने वर्ष 2014-15 में 5.0 प्रतिशत, वर्ष 2015-16 में 5.7 प्रतिशत और वर्ष 2016-17 में 6.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। अत: पिछले तीन वर्षों के दौरान कुल अंडा उत्पादन में निरंतर बढ़ोतरी का रुख बरकरार रहा है।

जहां तक सीजनल अनुमान का सवाल है, देश में कुल अंडा उत्पादन वर्ष 2016-17 (ग्रीष्म) के 26.03 अरब से बढ़कर वर्ष 2017-18 (ग्रीष्म) के दौरान 27.95 अरब के स्तर पर पहुंच गया है, जो 7.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। यह आंकड़ा वर्ष 2015-16 के ग्रीष्म सीजन के मुकाबले वर्ष 2016-17 के ग्रीष्म सीजन के दौरान अंडा उत्पादन में दर्ज की गई 5.5 प्रतिशत की वृद्धि दर से अधिक है। अत: यहां तक कि वर्ष 2017-18 के ग्रीष्म सीजन के दौरान भी अंडा उत्पादन की वृद्धि दर निरंतर उच्च स्तर पर बरकरार रही है। अंडा उत्पादन में मुख्य योगदान लगभग 80.83 प्रतिशत के साथ वाणिज्यिक पोल्ट्री फार्मों का रहा है, जबकि शेष योगदान घरेलू/ बैकयार्ड (मकान के पीछे के आंगन) में किए जाने वाले मुर्गी पालन का रहा है।

वर्ष 2017-18 के ग्रीष्म सीजन के दौरान प्रथम पांच सर्वाधिक अंडा उत्पादक राज्यों में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और हरियाणा शामिल हैं।

Source: http://pib.nic.in/



Copyright © 2017 · All Rights Reserved · IndiaAgroNet.Com