Agriculture News, jobs

Krishi News

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने नीदरलैंड की उप-प्रधानमंत्री और कृषि, प्रकृति एवं खाद्य गुणवत्ता मंत्री के साथ बैठक की

माननीय कृषि मंत्री ने नीदरलैंड की मंत्री महोदया का स्वागत किया। उन्होंने ग्रीनहाउसों के निर्माण, पुष्पों, पादपों और सब्जियों के क्षेत्र में नीदरलैंड की विशेष क्षमता, पशुओं तथा पादप कृषि क्षेत्रों की विविधता का उल्लेख करते हुए आशा व्यक्त की कि दोनों देशों के बीच भागीदारी और अधिक सुदृढ़ होगी।

दोनों मंत्रियों ने कृषि क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग की समीक्षा की। उन्होंने संयुक्त कार्य समूह की नियमित बैठक आयोजित करने, कार्य योजना को वर्ष 2021 तक बढ़ाने तथा संपूर्ण मूल्य श्रृंखला को कवर करते हुए शीत श्रृंखला में कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन इत्यादि के प्रयोजन से स्थापित उत्कृष्टता केन्द्रों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी स्थानांतरण की पहली सफल गाथा 02.11.2017 को बारामती, महाराष्ट्र में सब्जियों से संबंधित उत्कृष्टता केन्द्र के उद्घाटन से परिलक्षित होती है। दूसरा पुष्प उत्कृष्टता केन्द्र तालेगांव महाराष्ट्र में बनाया जा रहा है जो शीघ्र ही पूरा हो जाएगा। सरकार का विशेष जोर तकनीक को सस्ता बनाने पर है ताकि छोटे और सीमांत किसानों को फायदा हो।

दोनों मंत्रियों ने परस्पर सहयोग के अन्य क्षेत्रों यथा सार्टिंग/ग्रेडिंग/वाशिंग/पैकिंग इकाइयों और बाजार लिंकेज; किसानों के लिए प्रौद्योगिकी की गुंजाइश, फसल अवशेष प्रबंधन, गौवंशीय प्रजनन, डेयरी विकास पशु स्वास्थ्य तथा सुअर विकास को भी चिन्हित किया।

उन्होनें कहा कि नीदरलैंड की विशेषज्ञता कौशलयुक्त कृषि कामगारों और समृद्ध कृषि विविधताओं से संबंधित वृहद केन्द्र की अनुपूरक है, जिनकी सेवाएं भारत प्रस्तुत करना चाहता है। माननीय कृषि मंत्री महोदय ने आगंतुक शिष्टमंडल को सरकार के इस संकल्प के बारे में बताया कि सरकार वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करना चाहती है। उन्होंने इस संबंध में की गई पहलों का भी उल्लेख किया।

Source: http://pib.nic.in/



Copyright © 2017 · All Rights Reserved · IndiaAgroNet.Com